
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए किसान पंजीयन 15 सितंबर से 10 अक्टूबर तक
सीहोर। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान एवं मोटे अनाज (ज्वार एवं बाजरा) के उपार्जन के लिए जिले में किसान पंजीयन की प्रक्रिया 15 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला उपार्जन समिति के निर्णयानुसार जिले में कुल 12 पंजीयन केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
इन स्थानों पर होंगे किसान पंजीयन
जिले में निर्धारित पंजीयन केंद्रों में भैरूंदा, बुधनी, रेहटी और सीहोर तहसील के केंद्र शामिल हैं। भैरूंदा तहसील में किसान विपणन सहकारी समिति मर्यादित सोसायटी, भैरूंदा को पंजीयन केंद्र बनाया गया है।
बुधनी तहसील में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित, बस स्टैंड बुधनी, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित शाहगंज, जवाहरखेड़ा, बनेटा प्लाट, गादर और नांदनेर में पंजीयन केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
रेहटी तहसील में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित रेहटी, बोरदी, बायां और माथनी में पंजीयन किया जाएगा। वहीं सीहोर नगर तहसील के किसानों के लिए सहकारी विपणन एवं प्रक्रिया संस्था मर्यादित, वर्कशाप रोड मंडी, सीहोर को पंजीयन केंद्र बनाया गया है।
पंजीयन के लिए ये दस्तावेज जरूरी
किसानों को पंजीयन के दौरान समग्र आईडी, आधार नंबर, बैंक खाता पासबुक और मोबाइल नंबर सहित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे। पंजीयन एवं फसल विक्रय के लिए आधार नंबर का सत्यापन अनिवार्य रहेगा।
आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी अथवा बायोमेट्रिक डिवाइस के माध्यम से आधार सत्यापन किया जा सकेगा। पंजीयन के समय किसान को अपने बैंक खाते का नंबर और IFSC कोड भी उपलब्ध कराना होगा। संयुक्त बैंक खातों एवं निष्क्रिय बैंक खातों के संबंध में शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन किया जाएगा।
किसानों से समय पर पंजीयन कराने की अपील
प्रशासन ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे 15 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 के बीच अपने निकटतम पंजीयन केंद्र पर पहुंचकर समय पर किसान पंजीयन अवश्य कराएं। समय पर पंजीयन कराने से किसानों को समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #Sehore #KisanPanjiayan #KharifMarketingYear2026_27
EYEBREAKINGNEWS
Editor in chief
राजेश बागवान माली

Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *