
किसान स्वराज संगठन ने SDM भैरूंदा को सौंपा ज्ञापन, किसानों की 7 प्रमुख मांगें उठाईं
भैरूंदा/सीहोर। किसान स्वराज संगठन जिला सीहोर ने क्षेत्र के किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (SDM) भैरूंदा को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने प्रशासन से किसानों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने पर किसान समाज आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
ज्ञापन में संगठन ने किसानों से जुड़ी 7 प्रमुख मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं—
1. फसल सर्वे एवं मुआवजा: संगठन ने अल्प वर्षा और कीट-व्याधि से प्रभावित सोयाबीन, उड़द, धान और मक्का की फसलों का तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा एवं फसल बीमा राशि दिलाने की मांग की
2. उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता: रबी सीजन को देखते हुए डीएपी, यूरिया सहित अन्य आवश्यक उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की गई।
3. खेतों में चोरी पर रोक: किसानों के मोटर, केबल वायर, स्टार्टर और सोलर प्लेट चोरी होने की घटनाओं पर रोक लगाने तथा चोरी के मामलों में FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई गई।
4. बकाया फसल बीमा राशि का भुगतान: संगठन ने बताया कि पिछले वर्ष सोयाबीन फसल में हुए नुकसान की बीमा राशि गोपालपुर सहित कई गांवों के किसानों को अब तक नहीं मिली है। इसकी जांच कर लंबित राशि किसानों के खातों में शीघ्र जमा कराने की मांग की गई।
5. स्टॉप डैम में गेट एवं रबड़ लगाने की मांग: जल संसाधन विभाग द्वारा क्षेत्र के स्टॉप डैमों में गेट एवं रबड़ नहीं लगाए जाने का मुद्दा उठाते हुए पानी रोकने के लिए आवश्यक कार्य तत्काल कराने की मांग की गई।
6. भैरूंदा-संदलपुर मार्ग का डामरीकरण: जर्जर सड़क, गड्ढों और धूल से परेशान ग्रामीणों को राहत देने के लिए सड़क की मरम्मत एवं तत्काल डामरीकरण कराने की मांग की गई।
7. विद्युत व्यवस्था का मेंटेनेंस: क्षेत्र में ढीले तारों, पुराने बिजली पोलों और ट्रांसफार्मरों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं संपूर्ण मेंटेनेंस कराने की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान किसान स्वराज संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे। संगठन ने प्रशासन से सभी मांगों पर जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई है।
EYEBREAKINGNEWS.in
Editor in chief
राजेश बागवान माली
हमारी खबर आपकी नज़र

Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *