
सीहोर जिले में रातभर चला सघन कॉम्बिंग गश्त अभियान, 222 वारंटी गिरफ्तार
सीहोर, 13 सितंबर 2026। त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सीहोर श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना के नेतृत्व में 12-13 सितंबर की रात पूरे जिले में व्यापक कॉम्बिंग गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक वारंटियों, बदमाशों एवं चिन्हित अपराधियों के ठिकानों पर दबिश दी।
पुलिस के अनुसार, जिलेभर में 224 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अलग-अलग टीमों ने संयुक्त रूप से कॉम्बिंग गश्त की। इस दौरान 700 से अधिक वारंटियों, बदमाशों एवं अपराधियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई।
222 वारंटी गिरफ्तार
रातभर चले अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 222 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें 125 स्थाई वारंटी और 97 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं।
इसके अलावा जिले के 146 चिन्हित अपराधियों, निगरानी बदमाशों एवं गुंडों की उनके निवास स्थान पर जाकर सघन चेकिंग की गई।
एसपी ने देर रात थानों का किया भ्रमण
पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने थाना कोतवाली एवं मंडी के पुलिस बल को संयुक्त रूप से ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे, नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा एवं डीएसपी श्री हेमंत पाण्डेय मौजूद रहे।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने थाना दोराहा, श्यामपुर एवं बिलकिसगंज क्षेत्रों का भ्रमण कर पुलिस कार्रवाई एवं गश्त व्यवस्था का निरीक्षण किया।
इस दौरान एसडीओपी सीहोर सुश्री पूजा शर्मा उपस्थित रहीं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे ने थाना अहमदपुर एवं दोराहा का भ्रमण किया, जबकि जिले के सभी अनुभाग प्रभारियों (एसडीओपी/सीएसपी) ने अपने-अपने अनुभाग के थानों में पुलिस बल को ब्रीफ कर रातभर थाना क्षेत्रों में भ्रमण किया।
बुधनी पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई
कॉम्बिंग गश्त के दौरान थाना बुधनी पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 29.86 लीटर देशी एवं अंग्रेजी शराब जब्त की तथा आबकारी एक्ट के तहत पृथक प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अपराध नियंत्रण एवं आगामी त्यौहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए इस प्रकार की सघन चेकिंग और धरपकड़ की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
स्रोत सीहोर पुलिस
EYEBREAKINGNEWS.in
Editor in chief
राजेश बागवान माली
हमारी खबर आपकी नज़र

Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *