
सोशल मीडिया पर ऑटो चोरी की सूचना, आष्टा पुलिस ने 1 घंटे में आरोपी सहित ऑटो किया बरामद
ग्राम वेदांखेड़ी में हाईवे पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा, ₹3.50 लाख का ऑटो जब्त
आष्टा/सीहोर, 1 सितंबर 2026। थाना आष्टा पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रसारित ऑटो चोरी की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महज एक घंटे के भीतर चोरी गए ऑटो को आरोपी सहित बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी जीतू कुशवाह पिता रमेश कुशवाह, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम अब्दुल्लापुरा, थाना आष्टा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल सीहोर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 की रात करीब 8:30 बजे नया बस स्टैंड स्थित वीकानेर स्वीट्स के सामने से सवारी ऑटो क्रमांक MP 37 ZL 5441 अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी किए जाने की सूचना पत्रकार दिनेश शर्मा, निवासी बुधवारा बाजार आष्टा, द्वारा सोशल मीडिया पर दी गई थी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आष्टा गिरीश दुबे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना मोबाइल सहित विभिन्न पुलिस टीमों को ऑटो की तलाश के निर्देश दिए। पुलिस टीमों ने ऑटो के फोटो के आधार पर राहगीरों और फुटपाथ पर हाथ ठेला लगाने वालों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान ऑटो के शहर से बाहर जाने की दिशा की जानकारी मिली।
इसके बाद पुलिस टीमों ने आपसी समन्वय के साथ आष्टा-भोपाल रोड पर तलाश शुरू की। इसी दौरान एक राहगीर ने पुलिस को बताया कि हरे रंग का ऑटो तेज गति से सीहोर की ओर जा रहा है। पुलिस टीम ने तत्काल ऑटो का पीछा किया और इंदौर-भोपाल हाईवे स्थित ग्राम वेदांखेड़ी के पास घेराबंदी कर ऑटो को रोक लिया।
पुलिस के मुताबिक, ऑटो रुकते ही चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मी आरक्षक प्रवीण और आरक्षक शुभम मेवाड़ा ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जीतू कुशवाह बताया।
पुलिस ने मौके पर ही चोरी गए ऑटो बजाज ईको सीएनजी क्रमांक MP 37 ZL 5441, जिसकी अनुमानित कीमत ₹3 लाख 50 हजार है, को विधिवत जब्त किया। फरियादी देवराज सोलंकी पिता संजू सोलंकी, उम्र 21 वर्ष, निवासी इंद्रा कॉलोनी आष्टा की रिपोर्ट पर धारा 303(2) BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी करने के बाद 1 सितंबर 2026 को न्यायालय आष्टा में पेश किया, जहां से उसे जेल सीहोर दाखिल किया गया।
जब्त संपत्ति
बजाज ईको सीएनजी ऑटो
वाहन क्रमांक: MP 37 ZL 5441
अनुमानित कीमत: ₹3,50,000
गिरफ्तार आरोपी
जीतू कुशवाह पिता रमेश कुशवाह, उम्र 21 वर्ष
निवासी ग्राम अब्दुल्लापुरा, थाना आष्टा, जिला सीहोर।
सराहनीय भूमिका
सउनि सुभाष कटारे, सउनि जगदीश धुर्वे, प्रआर मुकेश शर्मा, आरक्षक शुभम मेवाड़ा, आरक्षक प्रवीण, आरक्षक अमित ठाकुर, आरक्षक सुरेंद्र राणा एवं सैनिक कमल मेवाड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Editor in Chief: राजेश बागवान माली
EYEBREAKINGNEWS | HINDI DIGITAL NEWS PORTAL
