
भाजपा जिला कार्यसमिति एवं सेवा संकल्प अभियान की जिला कार्यशाला संपन्न
सीहोर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं सुशासन के सफल 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया
जाएगा।
इसी अभियान की तैयारियों और रूपरेखा को लेकर सीहोर के क्रिसेंट रिसोर्ट में भाजपा जिला कार्यसमिति एवं जिला कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन तथा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सेवा संकल्प अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों को जिले के प्रत्येक बूथ तक पहुंचाकर जनभागीदारी सुनिश्चित करें और विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में योगदान दें।
उन्होंने आशीर्वाद का दीया, सेवा चित्र, सेवा स्मरण, कहानी बदलाव की, आंगन का मिलन, सेवा ज्योति यात्रा, सेवा सेतु अभियान, बड़नगर से वाराणसी, सेवा मेरा योगदान, सेवा के रंग, इनोवेशन चैलेंज तथा जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट तक जैसे कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी।
भोपाल संभाग प्रभारी डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं से अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने तथा सभी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने संगठन के पूर्व कार्यक्रमों की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए संगठन की मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिले का प्रत्येक कार्यकर्ता इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रत्येक बूथ पर लाभार्थियों और आम नागरिकों तक पहुंचेगा।
जिला प्रभारी विकास विरानी ने कहा कि सरकार की योजनाओं और उनके सकारात्मक प्रभावों को डिजिटल माध्यमों एवं रील्स के जरिए आम नागरिकों तक पहुंचाकर उन्हें इस महाअभियान से जोड़ा जाएगा।
जिला टोली संयोजक एवं पिछड़ा वर्ग निगम अध्यक्ष रवि मालवीय ने पीपीटी के माध्यम से अभियान के विभिन्न विषयों को विस्तार से समझाया और कार्यकर्ताओं से अभियान को गति देने का आह्वान किया।
सीहोर विधायक सुदेश राय ने कहा कि अभियान के माध्यम से युवा, महिलाएं और समाज का प्रत्येक वर्ग एकजुट होकर विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सहभागी बनेगा। वहीं बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है।
कार्यक्रम के दौरान जिला महामंत्री पंकज गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा कार्यकाल एवं विकसित भारत के संकल्प के समर्थन में राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने करतल ध्वनि के साथ सर्वसम्मति से पारित किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री जितेंद्र गौड़ ने किया। अंत में जिला मीडिया प्रभारी प्रितेश राठौर ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर आष्टा विधायक गोपाल इंजीनियर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जसपाल अरोरा एवं सीताराम यादव, सलकनपुर ट्रस्ट अध्यक्ष महेश उपाध्याय, जिला महामंत्री जितेंद्र गौड़, पंकज गुप्ता एवं तारा कटारिया सहित जिला पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, सेवा संकल्प अभियान जिला टोली, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, सीहोर एवं आष्टा नगरपालिका के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष तथा नगर परिषद अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
EYEBREAKINGNEWS
Editor in chief
राजेश बागवान माली

Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *