राशन वितरण में अनियमितता पर जिले की 16 उचित मूल्य दुकानों के विरुद्ध कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान स्टॉक में अंतर, राशन नहीं मिलने की शिकायत और दुकानें नियमित संचालित नहीं होने के मामले सामने आए
सीहोर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2015 के अंतर्गत सीहोर जिले में शासकीय उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से राशन वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। राशन वितरण में अनियमितता, भौतिक सत्यापन के दौरान खाद्यान्न स्टॉक में अंतर, सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर राशन प्राप्त नहीं होने संबंधी शिकायतों तथा उचित मूल्य दुकानों के नियमित रूप से संचालित नहीं होने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री बालागुरू के. के. के निर्देश पर संबंधित दुकानों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
अगस्त माह में 16 दुकानों की जांच
अगस्त 2026 में जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं नगरीय क्षेत्रों में शासकीय उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण एवं जांच की गई। जांच के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर कुल 16 उचित मूल्य दुकानों के विरुद्ध सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2015 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
कार्रवाई के दायरे में आष्टा विकासखंड की गोविंदपुरा, उमरदड़, बापचा बरामद तथा मार्केटिंग संस्था वार्ड नंबर 4, 5, सिद्दीकगंज एवं खाचरोद की उचित मूल्य दुकानें शामिल हैं।
इसी प्रकार इछावर विकासखंड की बरखेड़ाकुर्मी, ललियाखेड़ी एवं दौलतपुर, बुधनी विकासखंड की खेरीसिलगेना, खिडियाकुर्मी, नानभेंट, रतनपुर एवं चिकली तथा भैरूंदा विकासखंड की मांजीखेड़ी एवं चींच से संबंधित उचित मूल्य दुकानों के विरुद्ध भी कार्रवाई प्रारंभ की गई है।
पारदर्शी राशन वितरण पर जोर
शासन द्वारा उचित मूल्य दुकानों पर राशन वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और पात्र हितग्राहियों को समय पर निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों द्वारा दुकानों के निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन की कार्रवाई जारी है, ताकि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #Sehore

Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *