
स्कूलों में शौचालय से बालिका गरिमा सूचकांक तक, बाल संरक्षण पर मुख्य
सचिव से हुई चर्चा
बाल अधिकार आयोग की अध्यक्ष डॉ. निवेदिता शर्मा ने की मुलाकात, बच्चों की शिकायतों के त्वरित निराकरण और सुरक्षित वातावरण पर जोर
भोपाल। मध्यप्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. निवेदिता शर्मा ने बुधवार को मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णवाल से भेंट कर प्रदेश में बाल संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा, शिकायतों के त्वरित निराकरण और स्कूलों में सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
डॉ. शर्मा ने विद्यालयों में शौचालयों की स्थिति, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, बालिका गरिमा सूचकांक, स्पॉन्सरशिप सहित बाल संरक्षण से जुड़े विषय मुख्य सचिव के समक्ष रखे।
उन्होंने कहा कि बच्चों, विशेषकर बालिकाओं की गरिमा, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं के लिए विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय जरूरी है।
शिकायतों के समाधान के लिए शिविरों पर चर्चा
बैठक में आयोग द्वारा प्रदेशभर में बच्चों की शिकायतों के निराकरण के लिए शिविर आयोजित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इन शिविरों के जरिए बच्चों और उनके अभिभावकों की समस्याएं स्थानीय स्तर पर सुनी जाएंगी और उनके त्वरित समाधान की दिशा में कार्रवाई किए जाने पर विचार किया गया।
आयोग की अध्यक्ष ने शासन और आयोग के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर भी चर्चा की। बैठक में बच्चों के अधिकारों की रक्षा के साथ उन्हें सुरक्षित, सम्मानजनक और बाल-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया गया।
EYEBREAKINGNEWS
Editor in chief
राजेश बागवान माली

Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *