
3 एवं 4 अक्टूबर को आयोजित होगा ‘सेवा सेतु अभियान
—सरकार आपके द्वार’
ग्राम और वार्ड स्तर पर पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश
भोपाल। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राजस्व विभाग द्वारा 3 एवं 4 अक्टूबर को विकासखंड एवं नगरीय क्षेत्र स्तर पर ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से आमजन को शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को विकासखंडों के ग्रामीण क्षेत्रों तथा नगरीय निकायों में वार्ड एवं जोन स्तर पर वृहद सेवा सेतु शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि शिविरों के माध्यम से नागरिकों को पारदर्शी, संवेदनशील और समयबद्ध लोक सेवाएं ग्राम एवं वार्ड स्तर पर ही उपलब्ध कराई जाएं।
बैठक में एडीएम श्री सुमित पांडे, श्री प्रकाश नायक, श्री महेंद्र सिंह कवचे, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती इला तिवारी सहित सभी एसडीएम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
फार्मर आईडी बनाने विशेष अभियान
कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी एसडीएम को ग्राम पंचायत स्तर पर फार्मर आईडी एवं एग्रीस्टेक पोर्टल से किसानों को मिलने वाली सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। बैरसिया, हुजूर एवं कोलार अनुविभाग में विशेष अभियान चलाकर किसानों की फार्मर आईडी बनाने तथा एग्रीस्टेक के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं का लाभ दिलाने को कहा गया।
सेवा सेतु शिविरों में बैंकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि पात्र किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) सहित मत्स्य पालन, दुग्ध उत्पादन एवं अन्य संबद्ध गतिविधियों के लिए आवश्यक क्रेडिट कार्ड मौके पर ही बनाए जा सकें।
पात्र किसानों को पैक्स से जोड़ने पर जोर
कलेक्टर ने सहकारिता विभाग को पैक्स में नए सदस्य जोड़ने, सभी पात्र किसानों को सदस्यता दिलाने और केसीसी सेचुरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पात्र किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण सुविधा का लाभ दिलाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
ग्राम पंचायतों में ई-विकास प्रणाली का लाइव प्रदर्शन कर किसानों को टोकन जनरेट करने तथा पोर्टल पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।
अभियान के दौरान शत-प्रतिशत किसानों की फार्मर आईडी बनाने, लंबित प्रकरणों का निराकरण, पैक्स सदस्यता बढ़ाने तथा किसानों को रबी वर्ष 2026-27 के लिए आवश्यक उर्वरक अग्रिम रूप से उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अभियान में जिला स्तरीय उन्मुखीकरण, पैक्स सदस्यता कार्यक्रम और ग्राम पंचायतों में फार्मर आईडी बनाने सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। इसमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, सहकारिता तथा किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग की प्रमुख भूमिका रहेगी।
अनअटेंडेड शिकायतों पर कारण बताओ नोटिस
कलेक्टर श्री मिश्रा ने सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की अनअटेंडेड शिकायतों और लोक सेवा गारंटी के समय-सीमा बाह्य प्रकरणों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा नियमानुसार जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक शिकायत का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #Bhopal #SevaSetuAbhiyan #SarkarAapkeDwar #FarmerID #AgriStack
EYEBREAKINGNEWS
Editor in chief
राजेश बागवान माली
हमारी खबर आपकी नज़र

Leave a comment
Your email address will not be published. Required fields are marked *